पटना में पासपोर्ट अदालत कब होगी,जाने इस खबर में!

लंबे समय से लंबित शिकायतों के समाधान के उद्देश्य से क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (आरपीओ), पटना द्वारा 11 मार्च 2026 को आरपीओ, पटना परिसर में उन आवेदकों के लिए पासपोर्ट अदालत आयोजित की जाएगी जिनके पासपोर्ट या पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट (PCC) से संबंधित आवेदन छह माह से अधिक समय से लंबित हैं। छह माह से अधिक समय से लंबित मामलों वाले 900 से अधिक आवेदकों को उनकी शिकायतों के निस्तारण हेतु इस पासपोर्ट अदालत में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है।

2. पासपोर्ट अदालत के दौरान, क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी, पटना, क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मिलकर आवेदकों से प्रत्यक्ष संवाद करेंगे। इस प्रक्रिया का उद्देश्य न केवल उनके मामलों का निपटारा करना है बल्कि बिहार के 39 पासपोर्ट कार्यालयों में पासपोर्ट सेवाओं का लाभ लेने के संबंध में आवेदकों के अनुभवों पर प्रतिक्रिया प्राप्त करना भी है ताकि दस्तावेजीकरण, पुलिस सत्यापन तथा अन्य प्रक्रियात्मक आवश्यकताओं से संबंधित व्यवस्था गत सुधार किए जा सकें। जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव नहीं होगा, उनमें आवेदकों को आवश्यक सुधारात्मक उपायों एवं अपेक्षित दस्तावेजों के संबंध में मार्गदर्शन किया जाएगा ताकि उनके आवेदनों की प्रक्रिया को शीघ्रता से आगे बढ़ाया जा सके।

3. पासपोर्ट अदालत का आयोजन विदेश मंत्रालय की पासपोर्ट सेवा परियोजना (PSP) के अंतर्गत नागरिक-प्रथम (Citizens’ First) दृष्टिकोण के अनुरूप पासपोर्ट सेवाओं के सुचारु वितरण के लिए आरपीओ पटना द्वारा किए जा रहे सतत प्रयासों का एक भाग है। ऐसी अदालतें आवेदकों और पासपोर्ट प्राधिकरणों के बीच प्रत्यक्ष संवाद के माध्यम से लंबे समय से लंबित एवं जटिल पासपोर्ट मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए एक समर्पित मंच प्रदान करती हैं। इससे पूर्व भी क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना में ऐसे पासपोर्ट अदालतों का आयोजन कर लंबित मामलों का समाधान किया गया है।

4. इन अदालतों के अतिरिक्त, क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय पटना द्वारा स्थापित अन्य सार्वजनिक शिकायत निवारण तंत्रों में “मीट द आरपीओ” (Meet the RPO) पहल उल्लेखनीय है, जिसके माध्यम से आवेदक जटिल अथवा लंबित मामलों के समाधान के लिए सीधे क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी से संवाद कर सकते हैं तथा पासपोर्ट सेवा वितरण के संबंध में अपनी प्रतिक्रिया भी दे सकते हैं।

इसके अतिरिक्त, वरिष्ठ पासपोर्ट अधिकारियों से युक्त एक विशेष सार्वजनिक शिकायत निवारण प्रकोष्ठ आवेदकों को प्रक्रियाओं एवं आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान करता है तथा ई-मेल और सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का समाधान करता है।

आवेदकों की सुगमता को ध्यान में रखते हुए आरपीओ पटना प्रतिदिन 300 पूछताछ नियुक्तियाँ प्रदान करता है (बुधवार को छोड़कर, जब 25 नियुक्तियाँ निर्धारित होती हैं), ताकि आवेदक स्पष्टीकरण या सहायता प्राप्त कर सकें। नागरिक टेलीफोन (संख्या: 0612-2223267) तथा ई-मेल (rpo.patna@cpo.gov.in) के माध्यम से भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और अपने पासपोर्ट संबंधी प्रश्नों के संबंध में अनुवर्ती कार्यवाही कर सकते हैं।
इसके अतिरिक्त, @Rpopatna (पूर्व में ट्विटर), इंस्टाग्राम, फेसबुक तथा यूट्यूब जैसे सोशल मीडिया मंचों के माध्यम से भी नागरिकों से सक्रिय रूप से संवाद करता है, महत्वपूर्ण सूचनाएँ जन-परामर्श तथा आवश्यक अद्यतन साझा किए जाते हैं और प्राप्त प्रश्नों का समयबद्ध उत्तर दिया जाता है।

5. पासपोर्ट अदालत में भाग लेने के लिए आमंत्रित आवेदकों से अनुरोध है कि वे अपने मामलों की जाँच-पड़ताल को सुगम बनाने हेतु निम्नलिखित दस्तावेज साथ लाएँ-

क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना द्वारा पासपोर्ट अदालत में भाग लेने के लिए भेजे गए ई-मेल या पत्र की प्रति।

क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना द्वारा जारी फाइल संख्या/आवेदन संदर्भ संख्या (ARN) I

पासपोर्ट अथवा पीसीसी आवेदन से संबंधित सभी प्रासंगिक मूल दस्तावेज।

6. प्रतिभागियों को सलाह दी जाती है कि वे उपर्युक्त दस्तावेजों के साथ निर्धारित स्थल पर उपस्थित हों, ताकि उनके मामलों की प्रभावी समीक्षा की जा सके। प्रत्येक आवेदन की अलग-अलग जाँच की जाएगी तथा आवेदकों को आगे की प्रक्रिया अथवा लंबित औपचारिकताओं की पूर्ति के संबंध में उपयुक्त मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।

7. पासपोर्ट अदालत का आयोजन क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना की उस प्रतिबद्धता का परिचायक है जिसके अंतर्गत पासपोर्ट से संबंधित शिकायतों के समाधान के लिए एक उत्तरदायी और नागरिक केंद्रित मंच उपलब्ध कराया जा रहा है। ऐसे प्रयास पासपोर्ट सेवाओं के वितरण में पारदर्शिता, जवाबदेही और दक्षता को सुदृढ़ करने में सहायक सिद्ध हो रहे हैं।

8. आवेदकों को प्रोत्साहित किया जाता है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय के अधिकारियों के साथ प्रत्यक्ष संवाद के माध्यम से अपने लंबे समय से लंबित पासपोर्ट संबंधी मुद्दों का समाधान करें। यह पहल विदेश मंत्रालय के अंतर्गत क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना की पारदर्शी, प्रभावी और नागरिक अनुकूल पासपोर्ट सेवाएँ प्रदान करने की सतत प्रतिबद्धता को रेखांकित करती हैं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!