पुनपुन प्रखंड में चल रहे पथ निर्माण, ग्रामीण कार्य एवं अन्य विकासात्मक योजनाओं का औचक निरीक्षण।

जिलाधिकारी, पटना द्वारा वरीय पदाधिकारियों के साथ पुनपुन प्रखंड में चल रहे पथ निर्माण, ग्रामीण कार्य एवं अन्य विकासात्मक योजनाओं का औचक निरीक्षण किया गया तथा जन-प्रतिनिधियों एवं आम जनता से भी संवाद स्थापित कर फीडबैक लिया गया।

अभियंताओं एवं पदाधिकारियों को सरकार द्वारा क्रियान्वित जनहित की विभिन्न विकासात्मक एवं लोक–कल्याणकारी योजनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गुणवत्ता सुनिश्चित कर समय सीमा के अंदर पूर्ण करने का निदेश दिया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा 21 फरवरी को प्रगति यात्रा के दौरान पटना जिला में 10,871 (दस हजार आठ सौ एकहत्तर) करोड़ रुपया से अधिक की विकास योजनाओं से संबंधित 32 घोषणाएँ की गई थी जिसका राज्य सरकार द्वारा शीघ्र स्वीकृति प्रदान कर दी गई थी।

इन योजनाओं का क्रियान्वयन संबंधित एजेंसियों द्वारा तेजी से किया जा रहा है। उप विकास आयुक्त द्वारा इसका नियमित पर्यवेक्षण किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पदाधिकारियों को समयबद्ध ढंग से काम करने का निदेश दिया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि वे इसकी नियमित समीक्षा कर रहे हैं तथा क्षेत्र भ्रमण के समय निरीक्षण भी करते हैं।

आज उन्होंने उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता और अन्य वरीय अधिकारियों के साथ पुनपुन में पथ निर्माण विभाग की योजनाओं का निरीक्षण किया। तेजी से कार्य चल रहा है।

इसके बन जाने से लोगों को काफी सहूलियत होगी। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी की घोषणा के आलोक में जिला में योजनाओं के क्रियान्वयन की सुदृढ़ अनुश्रवण प्रणाली विकसित की गई है। स्वयं उनके अर्थात् जिलाधिकारी के स्तर से इसका नियमित अनुश्रवण किया जाता है। पदाधिकारियों को अन्तर्विभागीय समन्वय स्थापित कर तेजी से कार्य करने का निदेश दिया गया है।

जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार पटना के विकास हेतु तत्पर एवं प्रतिबद्ध है। सैकड़ों की संख्या में यहाँ विकासात्मक योजनाएँ चल रही है। जन-सुविधा हेतु काफी बड़ी संख्या में सड़कों, पुलों, फ्लाईओवर इत्यादि का निर्माण किया गया है। यह उत्तरोत्तर जारी है। इससे लोगों का जीवन-यापन काफी आसान हो गया है। ट्रैफिक की समस्या के समाधान के लिए दीर्घकालीन एवं अल्पकालीन योजनाओं का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!