प्रधानमंत्री के साथ मुख्यमंत्री ने किया 48500 करोड़ रुपये के विकास परियोजनाओं का उद्घाटन।

पटना, 30 मई, 2025 रोहतास जिला के बिक्रमगंज में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा आज 48 हजार 500 करोड़ रूपये से अधिक की विद्युत, सड़क, रेल और शिक्षा से जुड़ी विकास परियोजनाओं के उद्घाटन, शिलान्यास एवं लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शामिल हुये।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने संबोधन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा बिहार के विकास के लिये किये गये कार्यों की तारीफ की और कहा कि हमारा लक्ष्य है विकसित बिहार, विकसित देश।

रोहतास के बिक्रमगंज में जनसभा को संबोधित करते हुये मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बहुत खुशी की बात है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रोहतास जिले के बिक्रमगंज में पधारे हैं। सबसे पहले मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत एवं अभिनंदन करता हूं। साथ ही यहां उपस्थित बिहार के राज्यपाल महोदय, केंद्रीय मंत्रीगण, बिहार के उप मुख्यमंत्रीगण एवं मंत्रीगण और कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों का मैं अभिनंदन करता हूं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जो काम होने वाला है, उनमें दो सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन और तीन रेल परियोजनाओं का लोकार्पण तथा चार योजनायें, जिनमें बिजली उत्पादन, पथों और पुलों के निर्माण शामिल हैं उनका शिलान्यास किया जा रहा है। इन सबकी कुल लागत 48 हजार 500 करोड़ रुपये से भी अधिक है। इन योजनाओं के निर्माण से बिहार को काफी फायदा होगा। मैं इसके लिये उनका अभिनंदन करता हूं। आप जो काम करने वाले हैं उससे बिहार को काफी फायदा होगा, इसके लिये मैं प्रधानमंत्री को हृदय से धन्यवाद देता हूं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जाति जनगणना कराने के निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का आभार व्यक्त करता हूं। यह बहुत महत्वपूर्ण कदम है। पहले भी हम ही इस मांग को उठाते थे। अन्य पार्टियों के लोग बेवजह बातें कर रहे हैं। लोग इन सब चीजों को याद रखें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सड़क और रेल परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। साथ ही बिजली की चार परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इन योजनाओं से बिहार को काफी फायदा होगा। 24 नवंबर 2005 से पहले की सरकारों ने कोई काम नहीं किया। जदयू-भाजपा की सरकार ने बिहार के विकास के लिये बहुत काम किया है। आज इतनी महिलाएं दिख रही हैं, पहले की सरकारों ने महिलाओं के लिए कोई काम नहीं किया। जैसे ही हमलोग सरकार में आये तब से सबके लिये काम किया है। बिहार के विकास में हमलोग लगे हुए हैं और तेजी से काम हो रहा है। शुरू से ही शिक्षा के क्षेत्र में, स्वास्थ्य के क्षेत्र में विशेष ध्यान दिया गया। बड़े पैमाने पर सड़क और पुल-पुलियों का निर्माण कराया गया। महिलाओं को पंचायती राज व्यवस्था और नगर निकाय चुनावों में 50 प्रतिशत हमलोगों ने आरक्षण दिया। नौकरी में महिलाओं के लिये कम से कम 35 प्रतिशत का आरक्षण दिया।

अब महिलाएं काफी पढ़ने लगी हैं और काफी आगे बढ़ने लगी हैं। महिलाओं के लिये कई अच्छे कार्य किये जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सात निश्चय-1 के अंतर्गत हमलोगों ने हर घर तक बिजली, हर घर नल का जल, पक्की गली नाली का निर्माण, हर घर शौचालय तथा टोलों को भी पक्की सड़क से जोड़ने का काम किया। अभी हाल में कुछ नई बसावटें और कुछ नये घर बन रहे हैं उनके लिये भी हमलोग काम कर रहे हैं और तय कर दिया है कि इसी साल के जून महीने तक बाकी सब काम हो जायेगा। सात निश्चय 2 के अंतर्गत भी सभी योजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। युवक-युवतियों को सरकारी नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। पिछले साल के अंत में और इस वर्ष के जनवरी-फरवरी माह में सब जगह हमलोग गये हैं। उसमें हमलोगों ने देखा कि कहीं कोई कमी या कोई गड़बड़ तो नहीं है। उसके बाद हमलोगों ने 50 हजार करोड़ रुपये के व्यय से 430 नई योजनाओं की कैबिनेट से स्वीकृति दी और उस पर काम शुरू हो गया है। बिहार के विकास के लिये आरदणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के द्वारा कई बड़े कार्य किये जा रहे हैं। चुनाव के बाद बनी नई सरकार ने जुलाई 2024 के बजट में भी बिहार के विकास हेतु आर्थिक सहायता की घोषणा की। फरवरी 2025 के केन्द्रीय बजट में बिहार में मखाना बोर्ड, एयरपोर्ट की स्थापना, पश्चिमी कोशी नहर के लिये वित्तीय सहायता आदि की घोषणा की गयी। पहले 6 राज्यों में खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आयोजन किया गया था। अब इसके बाद इस बार बिहार में भी इसका आयोजन किया गया है। यह बहुत खुशी की बात है। आदरणीय प्रधानमंत्री जी ने पूरे देश के लिये काम किया है, बिहार को भी काफी फायदा हो रहा है। हम आदरणीय प्रधानमंत्री जी का आभार व्यक्त करते हैं और उनको बहुत-बहुत धन्यवाद देते हैं। अंत में इस कार्यक्रम में आदरणीय प्रधानमंत्री जी का पुनः अभिनंदन करता हूं और उन्हें धन्यवाद देता हूं। यहां उपस्थित सभी लोगों का मैं

आभार व्यक्त करता हूं। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को अंगवस्त्र भेंटकर कार्यक्रम में स्वागत किया।

कार्यक्रम की शुरूआत में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के साथ मुख्यमंत्री खुली जीप में बीच पंडाल से होते हुये गुजरे और दर्शकों का अभिवादन स्वीकार किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!