पटना/श्रीनगर – जम्मू-कश्मीर के पहलगांव क्षेत्र में हाल ही में हुए भीषण आतंकी हमले को लेकर बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस घटना को कायरतापूर्ण और अमानवीय करार देते हुए कहा कि भारत सरकार इसका माकूल जवाब देगी।


उपमुख्यमंत्री ने अपने बयान में कहा, “पाकिस्तान की मानसिकता से ग्रस्त यह आतंकवादी देश हित के लिए ठीक नहीं हैं। आज इस दुख की घड़ी में भारत के प्रधानमंत्री, राज्यपाल और गृह मंत्री सभी एकजुट होकर शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़े हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “जो भी देशद्रोही इस तरह की अमानवीय घटना को अंजाम दे रहे हैं, भारत की सरकार उन्हें जल्द ही करारा जवाब देगी। ऐसे लोगों को पूर्ण रूप से खत्म करने के लिए हर भारतीय तैयार है। स्वर्ग रूपी कश्मीर में इस प्रकार की घटना को अंजाम देने वालों को छोड़ा नहीं जाएगा — उन्हें हर कीमत पर मिटाना है।”
क्या कुछ कहा बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने देखे इस वीडियो में।
उल्लेखनीय है कि इस हमले में कई निर्दोष नागरिकों की जान चली गई थी, जिससे देशभर में आक्रोश का माहौल है। इस घटना के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने श्रीनगर में उच्चस्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की, जिसमें NSA अजीत डोभाल, सेना प्रमुख, खुफिया एजेंसियों और जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा भी शामिल हुए।
सरकार की ओर से यह संकेत दिया गया है कि आने वाले दिनों में आतंकवाद के विरुद्ध कठोर और निर्णायक कार्रवाई की जाएगी।
